
इटावा में रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, डीजी जीआरपी ने दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। पुलिस महानिदेशक, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) उत्तर प्रदेश श्री प्रकाश डी. तथा पुलिस महानिरीक्षक, जीआरपी प्रयागराज श्री एन. कोलांची ने मंगलवार को इटावा का दौरा कर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित बैठक में जीआरपी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में रेलवे यात्रियों एवं उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने, ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं की रोकथाम, रेलवे ट्रैक एवं परिसंपत्तियों की सुरक्षा, रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की सघन जांच, सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और यात्रियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक ने मीडिया से बातचीत कर रेलवे सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभाग की प्राथमिकताओं और चल रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस महानिदेशक जीआरपी एवं पुलिस महानिरीक्षक जीआरपी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद पुलिस महानिदेशक जीआरपी ने भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


