
सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
जिलाधिकारी श्री रिची पाण्डेय ने आज बथनाहा प्रखंड के ग्राम पंचायत परिसर, मौदह में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों एवं शिकायतों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को अविलंब सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र, पेयजल, स्वास्थ्य, आवास तथा अन्य जनसेवा से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का निर्देश दिया।
शिविर में उपस्थित लाभार्थियों एवं ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी, सरल एवं सुगम तरीके से पहुँचना चाहिए। उन्होंने बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत स्तर पर कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे प्रत्येक कार्य दिवस अपने-अपने पंचायत सरकार भवन/पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि आमजन को स्थानीय स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं एवं योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जा सके। बिना उचित कारण अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी दृष्टिकोण अपनाते हुए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत स्तरीय पदाधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


