
डीएम की पाठशाला में बच्चों को मिली निःशुल्क पुस्तकें, जन्म प्रमाणपत्र भी सौंपे
गरीब एवं वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अनूठी पहल, स्वयं पढ़ाते हैं जिलाधिकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया, उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष के सामने संचालित ‘डीएम सर की पाठशाला’ में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। इस दौरान जिन बच्चों का जन्म प्रमाणपत्र न होने के कारण विद्यालय में प्रवेश नहीं हो पा रहा था, उनके जन्म प्रमाणपत्र जारी कर अभिभावकों को स्वयं अपने हाथों से सौंपे।
जिलाधिकारी ने बताया कि उनके सरकारी आवास के पास नाथ, जोगी, सपेरा और बंजारा समुदाय के परिवार निवास करते हैं। इन परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘डीएम सर की पाठशाला’ की शुरुआत की गई, जहां वह स्वयं प्रतिदिन सुबह बच्चों को निःशुल्क पढ़ाते हैं। वर्तमान में करीब 50 बच्चे नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें आसपास के गांवों के गरीब बच्चे भी शामिल हैं।
पाठशाला में बच्चों को निःशुल्क यूनिफॉर्म, आई-कार्ड, पुस्तकें तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। जिलाधिकारी ने बताया कि मेधावी बच्चों का अच्छे विद्यालयों में प्रवेश कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इन परिवारों के बेहतर भविष्य के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पट्टों का आवंटन कर कॉलोनी निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है। यह पहल गरीब एवं वंचित बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक प्रेरणादायी प्रयास बन रही है।



