प्रशासनबिहारसीतामढ़ी

नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में सीतामढ़ी ने रचा इतिहास, पूरे देश में प्राप्त किया तीसरा स्थान

नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में सीतामढ़ी ने रचा इतिहास, पूरे देश में प्राप्त किया तीसरा स्थान

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: सीतामढ़ी बिहार

सीतामढ़ी, बिहार। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा जारी आकांक्षी जिलों की डेल्टा रैंकिंग (मार्च 2026) में सीतामढ़ी जिले ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिले में विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में किए गए निरंतर प्रयासों, प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व, विभागीय समन्वय तथा तकनीकी सहयोग का परिणाम मानी जा रही है। इस उपलब्धि से न केवल सीतामढ़ी जिले, बल्कि पूरे बिहार राज्य का गौरव बढ़ा है।

इसी क्रम में आज श्री संजय अग्रवाल (IAS), संयुक्त सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार सह नोडल पदाधिकारी, आकांक्षी जिला सीतामढ़ी द्वारा आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखण्ड की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, जिला योजना पदाधिकारी सह नोडल आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखण्ड संतोष कुमार सुमन, सहायक योजना पदाधिकारी अमित कुमार, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, आईसीडीएस, बैंकिंग, पशुपालन, कौशल विकास सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में पिरामल फाउंडेशन की ओर से जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार एवं कार्यक्रम लीड अभिषेक राज ने भी भाग लिया।

समीक्षा बैठक के दौरान सभी विभागों द्वारा आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPIs) पर अब तक हुई प्रगति, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत प्रस्तुति दी गई। विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों एवं सुधार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया।

जिला प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, वानिकी, पशुपालन, जल प्रबंधन, आधारभूत संरचना, क्षमता वर्धन तथा वित्तीय समावेशन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निरंतर सुधारात्मक एवं नवाचारी पहल की गई है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप सीतामढ़ी ने नीति आयोग के विभिन्न प्रदर्शन सूचकांकों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति स्थापित की है।

डेल्टा रैंकिंग के अनुसार, आधारभूत संरचना (Infrastructure) के क्षेत्र में सीतामढ़ी जिले ने सबसे उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। इस क्षेत्र में जिले का डेल्टा स्कोर 47.3 से बढ़कर 65.8 तक पहुंच गया, जिसके परिणामस्वरूप जिले को पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इसी प्रकार कृषि, वानिकी, पशुपालन एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में डेल्टा स्कोर 39.7 से बढ़कर 50.2 हो गया, जिसके आधार पर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त हुआ।

स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में भी जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपना डेल्टा स्कोर 71.6 से बढ़ाकर 83.5 तक पहुंचाया, जिसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर 15वां स्थान प्राप्त हुआ। वहीं शिक्षा, वित्तीय समावेशन एवं क्षमता वर्धन के क्षेत्रों में भी जिले ने निरंतर प्रगति करते हुए क्रमशः बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया।

समीक्षा बैठक के दौरान श्री संजय अग्रवाल (IAS) ने जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के नेतृत्व में जिले द्वारा किए जा रहे नवाचारों, सतत अनुश्रवण तथा विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी ने सीमित संसाधनों के बावजूद विभिन्न विकासात्मक संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार कर देशभर के आकांक्षी जिलों के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने सभी विभागों के जिला एवं प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारियों को उनकी टीम भावना, समर्पण एवं बेहतर समन्वय के लिए शुभकामनाएं भी दीं तथा आगामी समय में भी इसी प्रकार परिणामोन्मुखी कार्य करने का आह्वान किया।

जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने कहा कि यह उपलब्धि सभी विभागों के सामूहिक प्रयास, नियमित समीक्षा, डेटा आधारित कार्यप्रणाली तथा बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी जिले के सभी विभाग विकास के प्रत्येक संकेतक पर और बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।

बैठक के दौरान पिरामल फाउंडेशन द्वारा प्रदान किए जा रहे तकनीकी सहयोग, क्षमता निर्माण, डेटा विश्लेषण एवं विभिन्न विकासात्मक कार्यक्रमों के अनुश्रवण की भी सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन एवं विकास सहयोगी संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल से जिले को निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।

सीतामढ़ी जिले की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व, विभागीय समन्वय, सामूहिक प्रयास एवं तकनीकी सहयोग के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग में पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त करने के साथ-साथ आज आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ने जिले को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की नई दिशा एवं प्रेरणा प्रदान की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button