
मिलावट से मुक्ति अभियान: सेमरिया में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स जब्त, रीवा में समोसा होटल पर गिरी गाज
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा, मध्य प्रदेश
रीवा . जिले में मिलावटखोरों और लापरवाही बरतने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ ‘मिलावट से मुक्ति अभियान’ के तहत कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के सख्त निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने सेमरिया और इलाहाबाद रोड स्थित प्रतिष्ठानों पर औचक दबिश दी, जहाँ भारी अनियमितताएं पाई गईं।
अभियान के दौरान टीम ने सेमरिया स्थित ‘इंडियन फ्लेवर रेस्टोरेंट’ की बारीकी से जांच की। जांच में रेस्टोरेंट के भीतर ग्राहकों को परोसने के लिए रखी गईं एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स की 15 बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें टीम ने तुरंत जब्त कर लिया। इस गंभीर लापरवाही पर रेस्टोरेंट संचालक लवकुश चौरसिया के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में टीम ने इलाहाबाद रोड रीवा स्थित ‘बेनाम समोसा होटल’ का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान होटल का नजारा बेहद चौंकाने वाला था, जहाँ संचालक अरविंद साहू द्वारा अत्यंत गंदगी और अस्वच्छ माहौल में समोसे एवं मिठाइयाँ बनाई जा रही थीं और उन्हीं को ग्राहकों को बेचा जा रहा था। आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने और गंदगी में खाद्य पदार्थों का निर्माण व विक्रय करने के इस कृत्य को अपराध मानते हुए, टीम द्वारा संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम की धारा 58 के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के साथ ही खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी और अपील जारी की है। विभाग ने कहा है कि चूंकि बारिश का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए सभी संचालक अपने व्यावसायिक परिसर को कीड़े-मकोड़ों और गंदगी से बचाने के लिए तत्काल आवश्यक सुधार और पुख्ता व्यवस्था कर लें, अन्यथा आने वाले दिनों में ऐसी लापरवाही पाए जाने पर और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।


