उत्तर प्रदेशऔरैयापर्यावरण

वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जनपद औरैया में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश।

वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जनपद औरैया में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश।

 

रिपोर्ट:विशाल समाचार 

स्थान:औरैया, उत्तर प्रदेश 

उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी “वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” अभियान के अंतर्गत जनपद में पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी/सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन,श्री गुर्राला श्रीनिवासुलू एवं जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने विकास खंड भाग्यनगर के नियामतपुर बिहारी में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा जनपदवासियों को अधिकाधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी श्री गुर्राला श्रीनिवासुलू ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ पर्यावरण, जल संरक्षण, जैव विविधता तथा प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण में निहित है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं देखभाल करते हुए उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि जनपद में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति करना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में स्थायी जागरूकता विकसित करना है।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से न केवल हरित क्षेत्र में वृद्धि होगी, बल्कि भू-जल संरक्षण, जलवायु संतुलन, जैव विविधता के संरक्षण तथा भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं जीवित रखने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर नियमित अनुश्रवण किया जाए, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहकर विकसित हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लोगों को अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों—जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, स्मृति दिवस एवं अन्य सामाजिक आयोजनों पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी/सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन,श्री गुर्राला श्रीनिवासुलू एवं जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने आमजन को पौधा भी वितरित किए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)अविनाश चंद्र मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, खंड विकास अधिकारी भाग्यनगर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button