इटावाउत्तर प्रदेशपर्यावरण

इटावा में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन, 55.18 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

इटावा में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन, 55.18 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान :इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा,। बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय (आवासीय परिसर) में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का भव्य आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ रुद्राक्ष के पौधे में जलार्पण के साथ हुआ।

 

राज्यमंत्री जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

 

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जबकि इटावा जनपद में 55,18,600 पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया-2025 के अनुसार इटावा का वनावरण बढ़कर 12.128 प्रतिशत हो गया है और प्रदेश में हरितिमा के क्षेत्र में इटावा तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

 

सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि जनभागीदारी के कारण इटावा हरितिमा अभियान में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने पौधारोपण के साथ जल संरक्षण और पौधों की नियमित देखभाल पर भी जोर दिया।

 

जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि पौधारोपण तभी सफल होगा जब पौधों का संरक्षण भी किया जाए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, भोजन और पर्यावरण संतुलन का आधार हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण, जैविक खेती एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई लोगों को पौधा एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में राज्यमंत्री, विधायक, जिलाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button