पूणेप्रशासनमध्य प्रदेशमहाराष्ट्र

क्वांटम टेक्नोलॉजी मिशन को मिलेगा सरकार का पूरा सहयोग: चंद्रकांत पाटिल

क्वांटम टेक्नोलॉजी मिशन को मिलेगा सरकार का पूरा सहयोग: चंद्रकांत पाटिल

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: पुणे महाराष्ट्र 

पुणे, । महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए अत्याधुनिक तकनीक, अनुसंधान और कौशल विकास को सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि महाराष्ट्र क्वांटम टेक्नोलॉजी मिशन और फैकल्टी डेवलपमेंट जैसे कार्यक्रमों को राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।

पाटिल आई-हब क्वांटम टेक्नोलॉजी फाउंडेशन (आई-हब क्यूटीएफ) और आईआईएसईआर पुणे द्वारा आयोजित ‘महाराष्ट्र क्वांटम टेक्नोलॉजी मिशन–फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम’ के प्रमाणपत्र वितरण एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य तकनीकी शिक्षा मंडल के निदेशक डॉ. प्रमोद नाइक, आईआईएसईआर पुणे के निदेशक प्रो. सुनील भागवत तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राध्यापक एवं शोधकर्ता उपस्थित थे।

चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि क्वांटम टेक्नोलॉजी भविष्य का महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जो अनुसंधान, नवाचार और उद्योग जगत को नई दिशा देने की क्षमता रखता है। इसके लिए शिक्षकों के कौशल विकास, शोध को प्रोत्साहन तथा उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के लिए सरकार धन की कमी नहीं होने देगी और आवश्यकता पड़ने पर केंद्र सरकार से भी सहयोग प्राप्त किया जाएगा।

आईआईएसईआर पुणे के निदेशक प्रो. सुनील भागवत ने कहा कि क्वांटम टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अनुसंधान और कुशल मानव संसाधन तैयार करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के सहयोग से महाराष्ट्र इस क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत करेगा।

समारोह के अंत में मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में भाग लेने वाले प्राध्यापकों को प्रमाणपत्र वितरित कर सम्मानित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button