उत्तर प्रदेशइटावाप्रशासन

जसवंतनगर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 30 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण

जसवंतनगर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 30 शिकायतें प्राप्त, 4 का मौके पर निस्तारण

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील जसवंतनगर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरण संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सौंपे गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और निष्पक्ष कार्रवाई करें। उन्होंने लंबित मामलों की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गांवों के भ्रमण के दौरान अधिकारी अपने विभाग की योजनाओं का स्थलीय सत्यापन करें तथा लाभार्थियों से फीडबैक लेकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करें। समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि संबंधी प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों में विलंब के कारण का स्पष्ट उल्लेख किया जाए तथा सभी मामलों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई करते हुए सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत में मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की शासन स्तर पर भी समीक्षा की जाती है और शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया जाता है, इसलिए सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जसवंतनगर, पुलिस उपाधीक्षक आयुषी सिंह, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button