
कलेक्टर ने हनुमना के नवनिर्मित तहसील भवन का किया निरीक्षण
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं नागरिक सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज: कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने तहसील हनुमना में नवनिर्मित तहसील भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता तथा उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन के विभिन्न कक्षों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं परिसर का भ्रमण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कहा कि भवन का प्रत्येक कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने शेष कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा आवश्यक कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व अभिलेख कक्ष, न्यायालय कक्ष, कार्यालयीन कक्ष, प्रतीक्षालय, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, शौचालय एवं परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि भवन में आने वाले नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों तथा कार्यालयीन कार्य सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएं।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शासकीय भवन गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं जनहितकारी होना चाहिए। उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्यों में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिवक्ताओं द्वारा तहसील परिसर में पेयजल एवं मूलभूत सुविधाओं की ओर कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट किया जिस पर कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि अधिवक्ताओं एवं आमजन के लिए बेहतर पेयजल व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान एसडीम हनुमना राजेश मेहता संबंधित विभागों के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


