
सीतामढ़ी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी: जिले में विधि-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीतामढ़ी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पूरे जिले में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सहित जिले के सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं, ताकि शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
सीतामढ़ी पुलिस ने आम नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और उन्हें साझा न करने का आग्रह किया है। यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करता है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर देने को कहा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी दोहराया कि “सीतामढ़ी पुलिस—आपकी सुरक्षा, हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता।”


