
औरैया में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, खुले में बिक रहे खाजा के नमूने लिए, दुकानदारों को नोटिस
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान:औरैया, उत्तर प्रदेश
जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त (खाद्य) सुनील कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नगर पालिका क्षेत्र में अभियान चलाकर खुले में खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास एवं अनिल कुमार शंखवार ने सुभाष चौराहा स्थित राहुल स्वीट हाउस और बाबा स्वीट हाउस से खुले में रखे खाजा के नमूने संग्रहित किए तथा काउंटर पर खुले में रखे खाजा को तत्काल हटवाया। इसके बाद खानपुर चौराहा स्थित आलोक स्वीट हाउस से भी खाजा का नमूना लेकर खुले में रखा सामान हटवाया गया।
विभाग ने तीनों दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत समयबद्ध सुधार नोटिस जारी करते हुए भविष्य में खुले में खाद्य पदार्थ न रखने के सख्त निर्देश दिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जुर्माना सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार शंखवार ने फफूंद क्षेत्र से मिश्रित दूध के दो नमूने भी संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने आमजन से अपील की कि बरसात के मौसम में खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें तथा दुकानदारों से खाद्य सामग्री को ढककर और स्वच्छ तरीके से रखने का आग्रह किया।



