इटावाउत्तर प्रदेशरोजगार

मुख्यमंत्री योगी ने इटावा को दी ₹604 करोड़ की 128 विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी ने इटावा को दी ₹604 करोड़ की 128 विकास परियोजनाओं की सौगात

विकास, सुरक्षा और सनातन संस्कृति पर दिया जोर, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र, चेक व आवास की चाबियां

रिपोर्ट:विशाल समाचार 

स्थान :इटावा, उत्तर प्रदेश 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इटावा दौरे के दौरान जनपद को ₹604 करोड़ की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उनका लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इटावा आज विकास, सुरक्षा और सम्मान की नई पहचान बना रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले इटावा की पहचान भय और दहशत से जोड़ी जाती थी, जबकि आज यहां का माहौल सुरक्षित और भयमुक्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था को मजबूत करते हुए विकास को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने बताया कि सैफई ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान में ₹490 करोड़ की लागत से 500 बेड का सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक तथा ₹232 करोड़ की लागत से 300 बेड का गायनी ब्लॉक तैयार हो चुका है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत जनपद के 540 गांवों में लगभग ₹1000 करोड़ की लागत से कार्य चल रहा है, जिससे 2.35 लाख से अधिक परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने इटावा-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंबल नदी के सिग्नेचर ब्रिज, इटावा-कन्नौज एवं इटावा-करहल मार्गों के सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे जनपद की कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और कानून-व्यवस्था पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में सभी धार्मिक पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, आवास की चाबी, कैशलेस चिकित्सा कार्ड, डेमो चेक, टूल किट एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए।

 

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य, पूर्व सांसद डॉ. राम शंकर कठेरिया, विधायक सरिता भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button