इटावा: मत्स्य विभाग की योजनाओं के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 5 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। सहायक निदेशक मत्स्य ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राज्य सेक्टर योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 थी, जिसे अब बढ़ाकर 5 अगस्त 2026 कर दिया गया है।
विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण योजना, अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्र में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना जैसी योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
परियोजनाओं का विस्तृत विवरण, इकाई लागत, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में कोई संशोधन होता है तो संशोधित नियम लागू होंगे। साथ ही पूर्व वर्षों में निरस्त या प्रतीक्षारत आवेदन वाले अभ्यर्थी भी पुनः आवेदन कर सकते हैं।
योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आवेदक जनपदीय, मंडलीय एवं मत्स्य निदेशालय के कार्यालयों से किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं।



