
कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में दस्तक अभियान को मिली नई गति
जिले में 80 प्रतिशत बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग पूर्ण, एवं 92 प्रतिशत डिजिटाइजेशन के साथ गंभीर कुपोषित बच्चों को समय पर मिला उपचार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जिले के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित दस्तक अभियान में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। 14 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच, रोगों की पहचान तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित कर रही है।
अभियान के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता परिवारों तक पहुंचकर बच्चों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं। साथ ही डायरिया एवं एनीमिया जैसी स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम के लिए ओआरएस, जिंक टेबलेट तथा आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) का वितरण भी किया जा रहा है। स्क्रीनिंग के दौरान गंभीर रूप से बीमार एवं गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें तत्काल पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराया जा रहा है, ताकि उन्हें समय पर समुचित उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के अंतर्गत 92% बच्चों का डिजिटाइजेशन पूर्ण कर लिया गया है। निर्धारित 23 हजार 566 बच्चों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 18 हजार 824 बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 80 प्रतिशत है। अभियान के दौरान गंभीर रूप से बीमार एवं कुपोषित पाए गए 16 बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर आवश्यक उपचार प्रारंभ कराया गया है।
कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि अभियान की अवधि में कोई भी पात्र बच्चा स्क्रीनिंग से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बच्चों का समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, रोगों की शीघ्र पहचान तथा त्वरित उपचार ही दस्तक अभियान की सफलता का आधार है। स्वास्थ्य विभाग की टीम निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है।


