
नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन एवं राजस्व वसूली में तेजी लाएं: आयुक्त।
सप्ताह में कम-से-कम तीन दिन कोर्ट कार्य करें नीलाम पत्र पदाधिकारी।
प्रतिमाह न्यूनतम 50 मामलों के निष्पादन का लक्ष्य।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
आयुक्त, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर श्री गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले से संबंधित नीलाम पत्र वादों के निष्पादन एवं राजस्व वसूली की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में आयुक्त ने लंबित नीलाम पत्र वादों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के साथ-साथ राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। बैठक में सीतामढ़ी के प्रभारी डीएम एवं शिवहर जिलाधिकारी के साथ दोनों जिले के पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
समीक्षा के क्रम में आयुक्त ने कहा कि लंबित नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए मिशन मोड में कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने तथा बड़े एवं पुराने बकायेदारों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नीलाम पत्र पदाधिकारी सप्ताह में कम-से-कम तीन दिन नियमित रूप से कोर्ट कार्य करें तथा प्रत्येक पदाधिकारी के लिए प्रतिमाह न्यूनतम 50 नीलाम पत्र वादों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया जाए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप मामलों के निष्पादन की नियमित समीक्षा करने तथा प्रगति में अपेक्षित तेजी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विशेष रूप से सबसे पुराने लंबित मामलों एवं बड़े बकायेदारों के विरुद्ध प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही, लंबित वारंटों के त्वरित निष्पादन के लिए पुलिस विभाग से आवश्यक सहयोग प्राप्त करने तथा नीलाम पत्र एवं पुलिस विभाग के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने कहा कि राजस्व वसूली प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित बकाया राशि की वसूली के लिए प्रभावी एवं ठोस कार्रवाई करें। उन्होंने कोर्ट फी, तलवाना राशि, बॉडी वारंट के प्रभावी अनुपालन तथा वारंटों के निष्पादन की भी नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर प्रभारी जिला पदाधिकारी सीतामढ़ी सुश्री श्वेता भारती एवं जिला पदाधिकारी शिवहर प्रतिभा रानी ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में नीलाम पत्र वादों के निष्पादन की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों, कोर्ट फी, तलवाना राशि, बॉडी वारंट के अनुपालन, वारंटों के निष्पादन, साप्ताहिक समीक्षा बैठक एवं राजस्व वसूली सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्देश दिया गया कि नीलाम पत्र वाद की सुनवाई को अपने रूटीन कार्य में शामिल करें एवं अधिक अधिक वादों का निष्पादन करें।
निर्देश दिया कि संबंधित सभी पदाधिकारी अपने अधीन न्यायालय में प्राप्त आवेदन एवं अभिलेख को रजिस्टर –09 एवं 10 से मिलान करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही नीलाम पत्र वाद से संबंधित मामलों की प्रतिदिन सुनवाई करने तथा प्राथमिकता के आधार पर अधिक से अधिक मामलों में ऋण वसूली का कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। समीक्षा के दौरान आयुक्त महोदय ने सभी जिला स्तरीय नीलाम पत्र पदाधिकारियों को निर्गत वारंट ,प्राप्त आपत्तियां,नोटिस तामिला हेतु लंबित मामलों आदि के संबंध में भी अविलंब आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी ,सीतामढ़ी अभिराम त्रिवेदी ने बताया कि 31.7.2026 तक
कुल लंबित वाद 10525 है।833 वडी वारंट निर्गत है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026–27 तक कुल निष्पादित वादों की संख्या 352 है जिसमें वसूल की गई राशि 9,052,6,358 रुपये है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी एवं शिवहर, अपर समाहर्ता सीतामढ़ी एवं शिवहर, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सीतामढ़ी बृजकिशोर पांडेय, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी सीतामढ़ी अभिराम त्रिवेदी के साथ जिला स्तरीय सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी उपस्थित थे जबकि दोनों ही जिले के सभी बीडीओ, सीओ,एसडीओ वीसी के माध्यम से जुड़े हुए थे।



