
सेंट अरनॉल्ड सेंट्रल स्कूल में ‘आकार और सृजनशीलता’ प्रदर्शनी, छात्राओं की प्रतिभा बनी आकर्षण का केंद्र
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे। सेंट अरनॉल्ड सेंट्रल स्कूल में कक्षा 1 से 12 तक की छात्राओं के लिए विज्ञान, पर्यावरण, कृषि, उद्योग और शिक्षा जैसे विभिन्न विषयों पर आधारित परियोजना प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और विषय की गहरी समझ का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनी में “टू-डायमेंशनल शेप्स (Two-dimensional Shapes)” विषय पर तैयार किया गया प्रोजेक्ट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। रंग-बिरंगे कागज से बनाए गए वृत्त, त्रिभुज, हृदय, तारा सहित विभिन्न आकृतियों के मॉडल और मुस्कुराते चेहरे वाली घड़ी का आकर्षक मॉडल दर्शकों को खूब पसंद आया।
इस स्टॉल पर छात्रा अद्विका कांबले ने अपनी सहपाठियों के साथ आत्मविश्वासपूर्वक प्रस्तुति देते हुए विभिन्न आकृतियों के महत्व, उनके दैनिक जीवन में उपयोग और उनसे जुड़ी अवधारणाओं को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया।
प्रदर्शनी का अवलोकन विद्यालय के प्राचार्य फादर सुनील तथा कक्षा शिक्षिका सीमा अजय ने किया। उन्होंने छात्राओं की रचनात्मक सोच, मेहनत और प्रस्तुति कौशल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को बढ़ावा देते हैं।
प्रदर्शनी में छात्राओं द्वारा तैयार की गई हस्तकलाएं, “शेप्ड मॉन्यूमेंट्स” और “शेप फेसेज” जैसे शैक्षणिक पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। कार्यक्रम को शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण समर्थन और सराहना मिली।



