
जिला परिवहन कार्यालय का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण,
दो होमगार्ड निलंबित, प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
गुप्त सूचना एवं प्राप्त शिकायतों के आलोक में आज जिलाधिकारी रिची पांडेय ने जिला परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। शिकायत में कुछ होमगार्ड कर्मियों पर कार्यालय परिसर में दलाली को बढ़ावा देने तथा बाहरी व्यक्तियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया था।
निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया शिकायत के अनुरूप अनियमितताएँ पाई गईं। इसके आलोक में होमगार्ड जवान त्रिपुरारी सिंह एवं इशकी लाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने तथा प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
जांच के क्रम में यह भी सामने आया कि रवि कुमार उर्फ फुद्दू एवं राजकुमार नामक बाहरी व्यक्तियों की कार्यालय परिसर में सक्रियता पाई गई। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि वे जिला परिवहन कार्यालय से संबंधित विभिन्न कार्यों में अभ्यर्थियों की ओर से हस्तक्षेप करते थे। उनके विरुद्ध धन लेकर कार्य कराने के आरोपों की भी जांच की जा रही है तथा विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने, बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने, दलाली की किसी भी संभावना को समाप्त करने तथा आम नागरिकों को बिना किसी बिचौलिये के समयबद्ध एवं सुगम सेवा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार, दलाली एवं अनधिकृत हस्तक्षेप किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं कर्मियों/पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
