प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

कमिश्नर एवं कलेक्टर बरसते पानी में ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण करने पहुंचे

कमिश्नर एवं कलेक्टर बरसते पानी में ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण करने पहुंचे

शैक्षणिक कार्य में लापरवाही बरतने वाले प्रभारी प्राचार्य एवं तीन शिक्षकों के इंक्रीमेंट रोकने के दिए निर्देश

तालाब पर अतिक्रमण हटाने एवं आम रास्ता खुलवाने के दिए निर्देश

निर्माणाधीन कार्यों में गति लाने एवं वर्क फोर्स बढ़ाने के दिए निर्देश

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . रीवा संभाग कमिश्नर श्री शीलेंद्र सिंह एवं कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी बुधवार को बरसते पानी में ग्रामीण क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्कूलों, तालाब, निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों से आमने-सामने चर्चा की और उनकी समस्याओं को जाना तथा सभी समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। कमिश्नर ने ग्राम सिलपरा के शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया, उन्होंने कक्षा चौथी एवं कक्षा छठवीं के बच्चों से सामान्य हिंदी की पुस्तक पढ़वाई। बच्चे समान्य हिंदी भी नहीं पढ़ पाए। इस पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए शैक्षणिक कार्य में लापरवाही बरतने पर कमिश्नर ने प्रभारी प्राचार्य ज्ञानचंद्र पयासी, हिंदी के शिक्षक विपिन श्रीवास्तव, शिक्षिका श्रीमती कल्पना सिंह एवं शालिनी सिंह को कारण बताओ नोटिस देते हुए उन सबका एक -एक इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश दिए, साथ ही प्रभारी प्राचार्य एवं शिक्षकों को सख्त हिदायत दी कि वे बच्चों के भविष्य के साथ लापरवाही न बरतें। अपनी शैक्षणिक कार्य पद्धति में व्यापक सुधार करें और सभी बच्चों की शैक्षणिक योग्यता में इजाफा करें। कमिश्नर ने साफ शब्दों में सभी शिक्षकों को चेतावनी दी कि इसके बाद भी यदि बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार नहीं होगा तो संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध और कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्राम सिलपरा में स्थित तालाब पर धीरे-धीरे हो रहे अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर एवं विश्वकर्मा बस्ती में लोगों के निकलने के लिए आम रास्ता बंद होने की शिकायत मिलने पर उसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम एवं तहसीलदार को तालाब से अतिक्रमण हटाने एवं आम रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने माध्यमिक शाला में बारिश के दौरान पानी भर जाने की शिकायत मिलने पर संबंधित इंजीनियर को निर्देश दिए कि वह शाला से पानी की निकासी के लिए नाली बनाकर पानी निकासी की व्यवस्था करें। कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्राम सिलपरा में प्रधानमंत्री आवास की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने जनपद पंचायत रीवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं ग्राम पंचायत के सचिव को निर्देश दिए कि वह आगामी सात दिवस में स्वीकृत सभी प्रधानमंत्री आवास के निर्माण कार्य को प्रारंभ करें। कमिश्नर ने कहा कि इस कार्य में ढिलाई एवं लापरवाही करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्नर ने ग्राम पंचायत में किए गए पौधरोपण, नाडेप निर्माण, खेल मैदान, जॉब कार्ड आदि की जानकारी ली और यह शिकायत प्राप्त होने पर कि जितने जॉब कार्ड बने हैं उतने लेबर सक्रिय नहीं है, को संज्ञान में लेते हुए सीईओ जनपद पंचायत को निर्देश दिए की वह निष्क्रिय जॉब कार्डधारियों के जॉब कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई करें। कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्राम सिलपरा में निर्माणधीन कार्यों की समीक्षा की। सभी निर्माणाधीन कार्यों में गति लाने एवं वर्क फोर्स बढ़ाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के लिए अतिरिक्त संसाधन लगाकर कार्य को गुणवत्तापूर्ण पूर्ण किया जाए।

ग्राम रौरा में तालाब के विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य का निरीक्षण कर पौधारोपण किया – कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्राम रौरा पहुंचकर ग्राम में स्थित संजय बाग तालाब के विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्य का निरीक्षण किया। तालाब का निर्माण डीएमएफ एवं मनरेगा की राशि से किया जा रहा है। तालाब की निर्माण लागत 23 लाख 40 हजार रुपए है। कमिश्नर ने सीईओ जनपद पंचायत को तालाब विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने तालाब के समीप मूंगने के पौधे का रोपण किया और समीप स्थित देवी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तक न मिलने एवं वाओ ऐप इंस्टॉल न करने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की – कमिश्नर और कलेक्टर ने ग्राम रौरा के माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा छठवीं एवं सातवीं के बच्चों से पाठ्य पुस्तक का वाचन कराया। बच्चों ने बिना झिझक स्पष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी पढ़कर सुनाया जिस पर कमिश्नर एवं कलेक्टर ने बच्चों की सराहना की और शिक्षकों को निर्देश दिए कि वह विद्यार्थियों को अंग्रेजी के हिंदी मीनिंग भी अनिवार्य रूप से बताएं। कक्षा छठवीं के बच्चों को अब तक पाठ्य पुस्तक का वितरण न होने पर कमिश्नर ने सख़्त नाराजगी व्यक्त करते हुए बीआरसी को फटकार लगाई और बच्चों को जल्द से जल्द पाठ्य पुस्तक का वितरण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर और कलेक्टर ने स्कूल में स्थित शौचालय की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों द्वारा वाओ ऐप को इंस्टॉल एवं उपयोग न करने पर नाराजगी व्यक्त की और शिक्षकों को निर्देश दिए कि वह शौचालय की साफ-सफाई कम दर पर कराने के लिए वाओ ऐप का उपयोग करें। वाओ ऐप के माध्यम से सफाई कर्मी बुलाएं। मौके पर उन्होंने शिक्षकों से वाओ ऐप इंस्टॉल करने का तरीका बताया और ऐप इंस्टॉल कराया।

ग्राम पंचायत भवन में लगाई चौपाल – कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्रामीण की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के लिए रौरा के ग्राम पंचायत भवन में ग्राम चौपाल लगाई और ग्रामीणों से आमने-सामने चर्चा कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया। कमिश्नर ने ग्राम में यूरिया एवं खाद का उठाव, डीएपी और एनपीके के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उपरोक्त खाद का मूल्य शासन द्वारा निर्धारित है। यदि कोई तय मूल्य से अधिक में यूरिया एवं खाद बेचता पाया जाएगा तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने प्रधानमंत्री आवास, पेंशन गरीबी रेखा का कार्ड एवं अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी ग्रामीणों को दी। साथ ही बताया कि प्रधानमंत्री आवास के लिए गांव में नया सर्वे किया गया है। जो भी व्यक्ति पात्र पाए जाएंगे उन्हें प्राथमिकता से प्रधानमंत्री आवास दिया जाएगा।

 

ग्राम तमरा में निर्माणाधीन पंचायत भवन एवं स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण – कमिश्नर एवं कलेक्टर ने ग्राम तमरा में बनाए जा रहे पंचायत भवन एवं स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपरोक्त भवनों में बारिश के दौरान सीपेज होने की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए निर्माण एजेंसी को निर्माण कार्य में गुणवत्ता लाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि खराब क्वालिटी का कार्य करने वाली एजेंसी पर कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। कमिश्नर ने निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र एवं पंचायत भवन तक आने-जाने के लिए एप्रोच रोड बनाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने यहां पर आम का पौधा भी रोपित किया।

 

कमिश्नर और कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मेहताब सिंह गुर्जर, संयुक्त आयुक्त श्री वीरेंद्र पटेल, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी डॉ अनुराग तिवारी, जनपद पंचायत रीवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती पूनम दुबे, संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा श्री नीरव दीक्षित, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रेमलाल मिश्रा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button