नशामुक्त भारत अभियान का शुभारंभ आज
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा :देश को नशे की बुराई से मुक्त करने के लिए देश भर में नशामुक्त भारत अभियान शुरू किया गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 2 अगस्त को इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। रीवा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 6 अगस्त से 20 अगस्त तक नशामुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की गरिमामयी उपस्थिति में 6 अगस्त को दोपहर बाद 3 बजे से कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में आयोजित समारोह में अभियान का शुभारंभ होगा।
इस संबंध में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर को रीवा जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मुख्यालय माउंट आबू से स्प्रिचुअल एप्लीकेशन रिसर्च सेंटर के दो वैज्ञानिकों एवं समाजसेवियों के माध्यम से नशामुक्ति के संबंध में आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया जाएगा। समारोह में प्रजापिता ब्रम्हकुमारी विश्वविद्यालय द्वारा विश्व बंधुत्व रक्तदान महाभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा। समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं आमजन शामिल होंगे। समारोह में व्यापारिक संगठन, खेल संघ, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के भी प्रतिनिधि शामिल होंगे। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से नशे के विरूद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
