इटावा में 8 अगस्त को लगेगा दिव्यांग रोजगार मेला, निजी कंपनियां करेंगी मौके पर भर्ती
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 3 से 10 अगस्त तक चलाए जा रहे दिव्यांग रोजगार अभियान के अंतर्गत जनपद इटावा में 8 अगस्त 2026 को दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सैफई रोड, इटावा में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।
जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के अनुसार, मेले में पिछले तीन वर्षों के दौरान कौशल विकास मिशन एवं आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांग अभ्यर्थियों के साथ-साथ अन्य पात्र एवं इच्छुक दिव्यांग युवक-युवतियां भी भाग ले सकेंगे।
रोजगार मेले में एसबीआई लाइफ और कुलदीप मोटर्स सहित कई निजी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो मौके पर ही साक्षात्कार लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं पद के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।
अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने साथ बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की छायाप्रति, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा आधार कार्ड की छायाप्रति लेकर मेले में शामिल हों और इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

