
चाकण एमआईडीसी के सभी सड़कें 25 अगस्त तक हों गड्ढामुक्त : जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चाकण एमआईडीसी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमआरडीए और एमआईडीसी के अधीन आने वाली सभी सड़कों को 25 अगस्त तक गड्ढामुक्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 अगस्त के बाद स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे और यदि तय समय में कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित विभागों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में चाकण क्षेत्र की सड़कों की स्थिति, यातायात व्यवस्था, वर्षा ऋतु की तैयारियों तथा नदी-नालों और सार्वजनिक सड़कों पर हुए अतिक्रमण की समीक्षा की गई। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि एक महीने के भीतर अपने खर्च पर अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा प्रशासन अतिक्रमण हटाकर उसका खर्च संबंधित लोगों से वसूल करेगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में तलेगांव चौक, खराबवाड़ी, वाघजाई नगर, म्हाळुंगे इंगळे, खालुंब्रे, आंबेठाण वाई कॉर्नर, कोरेगांव फाटा, बिरदवडी फाटा सहित कई स्थानों पर खराब सड़कों और बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताई गई। संबंधित विभागों को तत्काल गड्ढे भरने, सड़क मरम्मत, सड़क किनारों की सुधार, दिशा संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए और नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

