मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रथम शिविर आज रतनगांव में
14 ग्राम पंचायतों के हितग्राहियों से होगा सीधा संवाद, समस्याओं का मौके पर होगा समाधान कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए शिविर में अनिवार्य उपस्थिति एवं जनसंवाद के निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त से किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रथम शिविर ग्राम पंचायत रतनगांव में आयोजित होगा। जिले में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से अभियान संचालित किया जाएगा।
जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण, शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में अगस्त माह के दौरान जिले में तीन जन विश्वास शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रथम शिविर में ग्राम पंचायत रतनगांव, नरैनी, अटरिया शिवप्रसाद, बमुरिहा इन्द्रदत्त, रतनगवां खांस, रतनगवां गहरवारन, पहाड़ी निरपति सिंह, गोदरी अंबिकाराम, रामपुर, उधौपुरवा, पाड़र, अमोखर तथा पकरा सहित 14 ग्राम पंचायतों के नागरिक शामिल होंगे। शिविर में सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनका यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कह कि शिविर में संबंधित ग्राम पंचायतों के सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने, आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण, पात्रता का सत्यापन तथा विभागीय सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के अंतर्गत आयोजित जनसंवाद एवं उद्योग संवाद में आमजन, जनप्रतिनिधियों और उद्यमियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं पर भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने अभियान की सभी तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे शिविर में समय पर उपस्थित रहकर प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान केवल शिकायतों के निराकरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि शिविर के दौरान अधीनस्थ कार्यालयों, छात्रावासों, अस्पतालों, उचित मूल्य दुकानों, आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा अन्य शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करें और जहां भी कमियां मिलें, उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन अब नियमित रूप से गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेगा, समाधान सुनिश्चित करेगा और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को साकार करेगा। यह अभियान सुशासन, जवाबदेह प्रशासन और जनविश्वास को नई मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

