अपराधउत्तर प्रदेशऔरैया

औरैया में चैन स्नैचिंग गैंग का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

औरैया में चैन स्नैचिंग गैंग का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

 

तमंचा-कारतूस, अपाचे बाइक और ₹15,150 नकद बरामद; जालौन-बांदा की घटनाओं का भी खुलासा

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश

औरैया:। कोतवाली औरैया पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चैन स्नैचिंग की एक घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल और ₹15,150 नकद बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को रघुनन्दन सिंह निवासी हजरतपुर, थाना अजीतमल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी बहन और पुत्री के साथ औरैया आ रहे थे। इसी दौरान मिहौली पुल के पास पीछे से आई बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने उनकी बहन के गले से चेन झपट ली थी। मामले में कोतवाली औरैया में मुकदमा दर्ज किया गया था।

 

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान देवकली तिराहे पर जालौन की ओर से बिना नंबर प्लेट की काली अपाचे बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार भागने लगे। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई।

 

पुलिस ने मौके से ज्ञानेन्द्र उर्फ साहिल (21) को पकड़ लिया, जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा आरोपी अंधेरे और भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर फरार हो गया।

 

पूछताछ में कई घटनाओं का दावा

 

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर 30 जुलाई को मिहौली ओवरब्रिज के पास चैन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि चेन बेचने के बाद उसे करीब ₹55 हजार हिस्सा मिला था। इसी रकम से उसने ₹36 हजार नकद देकर किस्तों पर नई अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस के अनुसार बरामद ₹15,150 भी उसी रकम का हिस्सा है।

 

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने जून महीने में बांदा और 2 जुलाई 2026 को जालौन में भी अपने साथी के साथ चैन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है।

 

पुलिस ने औरैया के अलावा जालौन और बांदा में दर्ज मामलों से भी आरोपी के संबंध बताए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है और आसपास के अन्य जनपदों में हुई चैन स्नैचिंग की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

बरामदगी

 

– ₹15,150 नकद

– .315 बोर का देशी तमंचा

– दो जिंदा कारतूस

बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्ञानेन्द्र उर्फ साहिल पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी शीतलपुर, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button