पुणे में मुख्यमंत्री फडणवीस ने निकाली भव्य तिरंगा रैली, बोले- युवाशक्ति के दम पर बनेगा विकसित महाराष्ट्र
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान;पुणे महाराष्ट्र
पुणे,। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत पुणे में आयोजित भव्य तिरंगा रैली में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हुए। नामदार गोपालकृष्ण गोखले मार्ग पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाशक्ति के सामर्थ्य पर विकसित भारत और युवाओं के सपनों को मजबूत करने वाला विकसित महाराष्ट्र बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रगौरव का प्रतीक है। तिरंगा हाथ में लेते समय नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ संविधान द्वारा दिए गए कर्तव्यों को भी याद रखना चाहिए और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश के अनुसार 15 अगस्त तक देश के हर शहर और गांव में तिरंगा हाथ में लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दें और तिरंगे की शान बनाए रखें।
फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए विकसित महाराष्ट्र का निर्माण जरूरी है। पुणे महाराष्ट्र की विद्यानगरी, नवाचार और उद्योग की नगरी होने के साथ देश की महत्वपूर्ण सांस्कृतिक शक्ति भी है। पुणे की युवाशक्ति के भरोसे ही देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होगा।
रैली की शुरुआत ललित चौक से हुई और यह फर्ग्युसन कॉलेज मार्ग से होते हुए छत्रपति संभाजी महाराज चौक पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में नागरिकों और विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।
रैली में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, नगर विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ, महापौर मंजुषा नागपुरे समेत विधायक, जनप्रतिनिधि, नागरिक तथा बड़ी संख्या में कॉलेज और स्कूल के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

