
जनसुनवाई में 59 आवेदकों की सुनी गई समस्याएं
अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश, आवेदकों को कार्यवाही से अवगत कराने को कहा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज .कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय ने आमजन की समस्याओं और मांगों से संबंधित 59 आवेदनों पर सुनवाई की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने तथा आवेदकों को की गई कार्यवाही से अनिवार्य रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम धुरेहटा, निवासी रत्नेश्वर मिश्रा ने घर के सामने विद्युत खंभा टूटे होने की समस्या से अवगत कराया। अपर कलेक्टर ने संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम दामोदर गढ़ निवासी बसंत लाल पटेल, ने प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। अपर कलेक्टर ने सीईओ हनुमना को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार ग्राम रतनगवां निवासी उमेश कुमार चतुर्वेदी द्वारा गंभीर बीमारी के उपचार के लिए अनुदान राशि उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को पात्रता एवं दस्तावेजों का परीक्षण कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम दूबी, निवासी कलावती सेन पत्नी छठिलाल पटेल ने समग्र आईडी में आधार वेरिफिकेशन लंबित होने की समस्या को जनसुनवाई में रखा। अपर कलेक्टर ने सीईओ नईगढ़ी को प्रकरण का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम नौढ़िया प्रहलाद निवासी ललन बंसल एवं समस्त बसोर बस्ती के ग्रामीणों ने बसोर बस्ती में सड़क निर्माण की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में बताया गया कि बस्ती में सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होती है। अपर कलेक्टर ने सीईओ मऊगंज को स्थल परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अपर कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन आमजन की समस्या से जुड़ा है, इसलिए अधिकारियों द्वारा संवेदनशीलता के साथ इनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई संभव है, उनका शीघ्र निराकरण करें तथा अन्य प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन पर की गई कार्रवाई एवं प्रकरण की वर्तमान स्थिति से अवगत कराना सुनिश्चित करें। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



