
इटावा में साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत 4 गिरफ्तार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। इटावा पुलिस ने CyVazra अभियान के तहत साइबर फ्रॉड करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह फर्जी कंपनी ‘एग्रो मार्ट’ की आड़ में किसानों और अनाज व्यापारियों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाता था। आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्जी दस्तावेज, सिम कार्ड, फर्म की मोहर, अनाज के सैंपल और एक XUV 700 कार बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के खिलाफ जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से शिकायतें सामने आई थीं। आरोपी INDIA MART पर पंजीकृत व्यापारियों के मोबाइल नंबर हासिल कर उन्हें फोन करते थे और उचित दर पर अनाज उपलब्ध कराने का झांसा देकर सौदा तय करते थे।
गिरोह द्वारा कूटरचित दस्तावेज और भ्रामक पहचान के आधार पर करीब 5 फर्जी कंपनियों/व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के माध्यम से व्यापारियों से संपर्क किया जाता था। इसके बाद अनाज की आपूर्ति के नाम पर 50 से 60 प्रतिशत रकम एडवांस के रूप में विभिन्न बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। रकम चेक और एटीएम के जरिए निकालने के बाद व्यापारियों से अतिरिक्त पैसे की मांग की जाती थी।
पुलिस जांच में गिरोह से जुड़े करीब 20 चालू बैंक खातों में लगभग 7.10 करोड़ रुपये का लेन-देन सामने आया है। वहीं NCRP पोर्टल पर गिरोह के खिलाफ करीब 25 शिकायतें, लगभग 45 लाख रुपये की ठगी से संबंधित पाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत करने पर पीड़ित व्यापारियों को जान-माल की नुकसान पहुंचाने और शव गायब करने जैसी धमकियां भी दी जाती थीं।
मामले में थाना सिविल लाइन में मुकदमा अपराध संख्या 142/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं और IT एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। आपराधिक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लुहन्ना चौराहा से ग्वालियर तिराहे की ओर जाने वाली सड़क पर एक दुकान के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी
1. प्रतीक सक्सेना, निवासी सराय दयानत, थाना सिविल लाइन, इटावा।
2. विकास, निवासी नुमाइश पांडाल, थाना सिविल लाइन, इटावा।
3. आकाश बाथम, निवासी रामनगर, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा।
4. प्रवेश कुमार, निवासी कजगवां, थाना इकदिल, इटावा।
बरामदगी में 5 कंप्यूटर सिस्टम, एक HP लैपटॉप, 2 प्रिंटर, 13 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड, करीब 2000 विजिटिंग कार्ड, 9 डायरी, बैंक पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड, पहचान संबंधी दस्तावेज, फर्जी दस्तावेज, विभिन्न अनाजों के सैंपल, फर्म की मोहर, बायोमेट्रिक मशीन और अन्य कार्यालय सामग्री शामिल है। पुलिस ने ठगी से अर्जित बताई गई XUV 700 कार (UP75AS6302) को भी सीज किया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रतीक सक्सेना के खिलाफ थाना सिविल लाइन में पहले से साइबर ठगी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी विभिन्न राज्यों से जुटाई जा रही है।
गया है।


