
डॉ. स्वाती मुजुमदार के कुलपति पद पर नियुक्ति के अवसर पर सम्मान समारोह
कौशल आधारित शिक्षा को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाएं: चंद्रकांत पाटील
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे प्रतिनिधी
सिम्बायोसिस स्किल्स एंड प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलपति पद पर डॉ. स्वाती मुजुमदार की नियुक्ति के अवसर पर विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील ने उनका सम्मान किया।
चंद्रकांत पाटील ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास का अत्यंत महत्व है। शैक्षणिक संस्थानों को ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक कौशल आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण पहुंचाने के लिए आगे आना चाहिए। इसके लिए सरकार की ओर से आवश्यक सुविधाएं और प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, सिम्बायोसिस के अध्यक्ष डॉ. शां. ब. मुजुमदार, सौ. संजीवनी मुजुमदार सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
पाटील ने कहा कि डॉ. स्वाती मुजुमदार ने कौशल विकास एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में सिम्बायोसिस स्किल्स एंड प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी नई ऊंचाइयां हासिल करेगी।
मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि महाराष्ट्र को कौशल विकास और प्रशिक्षण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सपना साकार करने में सिम्बायोसिस और मुजुमदार परिवार का महत्वपूर्ण योगदान है। भविष्य में यह विश्वविद्यालय विश्व स्तर पर कौशल विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
डॉ. स्वाती मुजुमदार ने कहा कि उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जाता है। विश्वविद्यालय ने 200 से अधिक प्रमुख उद्योगों के साथ सहयोग समझौते किए हैं। इससे विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों तक कौशल प्रशिक्षण पहुंचाने के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें करीब 90 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में से लगभग 25 प्रतिशत ने अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू किया है।
कार्यक्रम का संचालन परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुनीता निकम ने किया, जबकि विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. नरेंद्र सोनी ने आभार व्यक्त किया।



