
रीवा में अग्निवीर रैली का आयोजन, युवाओं को सेना भर्ती की दी महत्वपूर्ण जानकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा। शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय, रीवा में 3 एमपी बटालियन एनसीसी रीवा एवं महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में अग्निवीर रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जबलपुर ZRO से आए मेजर राहुल दास, सूबेदार मेजर जसवीर सिंह, 3 एमपी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल संदीप जसपाल, सूबेदार श्री भगवान, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविंद्र नाथ तिवारी एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. जितेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में कैडेट्स एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मेजर राहुल दास ने अग्निवीर भर्ती योजना की जानकारी देते हुए देश की रक्षा में सेना द्वारा किए गए महत्वपूर्ण अभियानों पर प्रकाश डाला। वहीं, सूबेदार मेजर जसवीर सिंह ने अग्निवीर भर्ती के शारीरिक मापदंड, लिखित परीक्षा, बालक-बालिका वर्ग की विभिन्न रिक्तियों और भर्ती की समय-सीमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कमान अधिकारी कर्नल संदीप जसपाल ने सेना की विभिन्न योजनाओं एवं उनके लाभ तथा विकसित भारत के निर्माण में एनसीसी कैडेट्स की भूमिका पर चर्चा की। साथ ही ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान में एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता को लेकर रोडमैप प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नमंच का आयोजन भी किया गया। विजयी प्रतिभागियों को प्राचार्य एवं कमान अधिकारी द्वारा प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने महाविद्यालय से स्वामी विवेकानंद पार्क तक तिरंगा यात्रा निकाली। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने किया।
