
रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में हर्षोल्लास एवं पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया हरियाली तीज महोत्सव ।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान :इटावा उत्तर प्रदेश
हरियाली तीज महोत्सव के अवसर पर दिनांक 13.08.2026 को रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में महिला पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण एवं पुलिस परिवार की महिलाओं के लिए भव्य एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता *वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती रीना श्रीवास्तव, धर्मपत्नी श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा* द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती रीना श्रीवास्तव द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए हरियाली तीज की पारंपरिक एवं सांस्कृतिक छटा को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा *तीज के पारंपरिक गीत, नृत्य, गायन एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां* दी गईं। साथ ही आकर्षक नृत्य कार्यक्रम ने उपस्थित महिलाओं का खूब मनोरंजन किया। मनमोहक नृत्य एवं गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए तथा पारंपरिक तीज गीतों की मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण उल्लास एवं उमंग से भर गया।
हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं ने एक-दूसरे के हाथों में *मेहंदी लगाई* तथा पारंपरिक वेशभूषा में सज-संवरकर कार्यक्रम में सहभागिता की। हरी साड़ियों, हरे रंग की चूड़ियों, आभूषणों एवं हरी बिंदियों से सजी महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल पर हरियाली तीज की मनमोहक छटा बिखेर दी।
इस अवसर पर महिलाओं द्वारा विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं पारिवारिक वातावरण की सुखद अनुभूति देखने को मिली। महिला पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण एवं पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।
श्रीमती रीना श्रीवास्तव ने सभी महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े ऐसे पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द एवं उल्लास को बढ़ावा देते हैं। पुलिस परिवार के बीच इस प्रकार के आयोजन सभी को एक साथ जोड़ने तथा कार्य के तनाव से कुछ समय के लिए मुक्त होकर उत्सव का आनंद लेने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हरियाली तीज के पर्व को यादगार बनाया। आयोजन का वातावरण उत्साह, उमंग, उल्लास एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
इटावा पुलिस परिवार की ओर से सभी को हरियाली तीज की हार्दिक शुभकामनाएं। 🌿🌸


