
कलेक्टर ने जन विश्वास अभियान में आंगनवाड़ी केन्द्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर को रामनई आंगनवाड़ी केन्द्र में चाक-चौबंद मिली व्यवस्थाएं
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार जिले में प्रत्येक शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रायपुर कर्चुलियान विकासखण्ड मुख्यालय में शिविर का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने आंगनवाड़ी केन्द्र रामनई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केन्द्र में सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद मिलीं। ग्रामीणों ने बताया कि आंगनवाड़ी केन्द्र का नियमित संचालन होता है। कलेक्टर ने बच्चों से पोषण आहार के वितरण, अनौपचारिक शिक्षा के संबंध में जानकारी ली। आंगनवाड़ी केन्द्र में उपस्थित महिलाओं ने केन्द्र से दी जा रही सेवाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के समय जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह तथा परियोजना अधिकारी अंजना सिंह एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने ग्रामीणों के आवेदनों में सुनवाई की। उन्होंने 40 वर्ष से घर बनाकर निवास करने वाले परिवारों के संबंध में तहसीलदार को प्रतिवेदन देने के निर्देश दिए।
जन विश्वास शिविर में वन मण्डलाधिकारी लोकेश निरापुरे ने प्राथमिक शाला तथा माध्यमिक शाला रामनई का निरीक्षण किया। प्राथमिक शाला में व्यवस्थाएं उत्कृष्ट पाई गईं। शाला में शासन से प्राप्त फर्नीचर बच्चों को उपलब्ध कराया गया है। मौके पर उपस्थित प्रधानाध्यापक ने बताया कि गत वर्ष प्राथमिक शाला में 24 बच्चे दर्ज थे। इस वर्ष व्यवस्थाओं में सुधार से इनकी संख्या 46 हो गई है। वन मण्डलाधिकारी ने माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों से संवाद किया। निरीक्षण के समय जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल मिश्रा तथा जिला समन्वयक शिक्षा केन्द्र राजेश तिवारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान रायपुर कर्चुलियान अस्पताल, छात्रावास तथा उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया गया।



