उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

औरैया में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर धूमधाम से मनाया गया समारोह, राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने किया ध्वजारोहण

औरैया में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर धूमधाम से मनाया गया समारोह, राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने किया ध्वजारोहण

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,। लोकमाता पुण्यश्लोक देवी आहिल्याबाई होल्कर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (ASMC), सेहुद के परिसर में भारत गणराज्य के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने राष्ट्रध्वज फहराया।

 

राष्ट्रध्वज आरोहण के बाद राज्यमंत्री ने भारत माता के जयघोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के मूल्यों को समझने के लिए युवा पीढ़ी को अमर शहीदों के बलिदान की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें जिस भी पद या स्थान पर जिम्मेदारी मिली है, वहां अपना सर्वश्रेष्ठ देकर देश और प्रदेश को वैश्विक पटल पर सर्वोच्च शिखर तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।

 

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। इस पुनीत कार्य में प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से आमजन के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।

 

कार्यक्रम में सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने जिलाधिकारी द्वारा संचालित नवाचार कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डीएम की पाठशाला एक अनूठी पहल है, जिसके माध्यम से गांवों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने युवाओं से अमर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि मोबाइल फोन का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के साधन के रूप में किया जाना चाहिए।

 

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने सभी को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और अमर शहीदों के बलिदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आजादी के साथ नागरिकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी भी मिली है। जिला प्रशासन आमजन के उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है, क्योंकि जनसेवा ही सबसे बड़ी देशसेवा है।

 

इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय जैतपुर फफूंद के बच्चों को पुस्तकालय एवं अखबार पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राज्यमंत्री ने सम्मानित किया। इस पहल की प्रशंसा प्रदेश के मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा द्वारा भी की जा चुकी है। वहीं डीएम की पाठशाला में सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए पुलिस आरक्षी विवेक शाक्य, गौरव कुमार और सत्येन्द्र कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री एवं सदर विधायक ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और लघु नाटकों के माध्यम से स्वतंत्रता के महत्व को प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। इससे पूर्व राज्यमंत्री एवं विधायक ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

 

कार्यक्रम के बाद राज्यमंत्री एवं सदर विधायक ने 100 शैय्या जिला चिकित्सालय चिचौली पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल वितरित किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

 

समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अविनाश चंद्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद, उप जिलाधिकारी सदर ब्रह्मानंद, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, छात्र-छात्राएं सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button