स्वतंत्रता दिवस पर वृद्धाश्रम आनेपुर में राष्ट्रभक्ति, सेवा और मानवीय मूल्यों का संदेश।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया :भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समाज कल्याण विभाग एवं ऑक्सफोर्ड शिक्षा प्रसार संस्थान द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, आनेपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह अत्यंत गरिमामय, भावनात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामकृपाल चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी, औरैया उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी ने अपने संबोधन में मानव जीवन के चार आश्रमों की भारतीय सनातन परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन का प्रत्येक चरण अपनी विशेष जिम्मेदारी और उद्देश्य रखता है। उन्होंने सनातन संस्कृति के मूल्यों, सामाजिक न्याय, कर्म एवं प्रारब्ध पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए वृद्धजनों को जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर तप, ध्यान, आध्यात्मिक चिंतन और सकारात्मक जीवन-दृष्टि अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की धरोहर हैं। उनके अनुभव, संघर्ष और जीवन-संस्मरण आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य मार्गदर्शन हैं। वृद्धजनों की सेवा केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपरा और मानवीय संवेदना का प्रतीक है।
मुख्य विकास अधिकारी ने वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मीय वातावरण प्रदान करने के लिए वृद्धाश्रम प्रबन्धक श्री राजवर्धन शुक्ला एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें धन्यवाद दिया।
समारोह के दौरान “कर्पूरगौरं करुणावतारम्” मंत्र का श्रद्धापूर्वक उच्चारण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस की औपचारिकताएँ पूर्ण सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुईं।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि रामकृपाल चौधरी द्वारा वृद्धाश्रम के सभी संवासियों को फल एवं मिष्ठान वितरित किए गए। फल एवं मिष्ठान पाकर वृद्धजनों के चेहरों पर प्रसन्नता और आत्मीयता की झलक दिखाई दी।
वृद्धाश्रम प्रबन्धक राजवर्धन शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि हमें यह स्मरण कराने का अवसर है कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब समाज के प्रत्येक व्यक्ति—विशेषकर बुजुर्गों, वंचितों और जरूरतमंदों—को सम्मान, सुरक्षा और अपनापन मिले। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को परिवार जैसी गरिमा और आत्मीयता प्रदान करना संस्था का निरंतर संकल्प है।
समारोह का समापन राष्ट्रभक्ति, सेवा, संस्कार और “वृद्धजन सम्मान—समाज का सम्मान” के संदेश के साथ हुआ। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन उपस्थित सभी लोगों के लिए भावनात्मक एवं प्रेरणादायी स्मृति बन गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कुमार शशि, खण्ड विकास अधिकारी वीरेन्द्र नारायण द्विवेदी, सहायक विकास अधिकारी अर्जुन द्विवेदी, वृद्धाश्रम प्रबन्धक राजवर्धन शुक्ला सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, सदस्य एवं वृद्धाश्रम के वृद्धजन आदि उपस्थित रहे।



