
इटावा में निर्माणाधीन साइबर थाना और 12 मंजिला आवासीय बैरक का एसएसपी ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । जनपद में पुलिस व्यवस्थाओं को आधुनिक और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में चल रहे निर्माण कार्यों का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन साइबर थाना एवं 12 मंजिला आवासीय बैरक के निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने भवन की संरचना, निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और विभिन्न कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यकारी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित करते हुए कार्य को समयबद्ध और मानक के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माणाधीन भवन में पुलिसकर्मियों एवं साइबर थाना स्टाफ की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार्यालय कक्ष, आवासीय व्यवस्था, विद्युत एवं पेयजल सुविधा, सुरक्षा मानकों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण के दौरान सामने आने वाली तकनीकी अथवा व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल समाधान कराने को भी कहा।
एसएसपी इटावा ने कहा कि पुलिस विभाग की आधारभूत संरचनाओं को आधुनिक और बेहतर बनाना प्राथमिकता है। साइबर थाना एवं 12 मंजिला आवासीय बैरक के निर्माण से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण और आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। वहीं आधुनिक साइबर थाना शुरू होने से जनपद में साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने की पुलिस की क्षमता भी मजबूत होगी।



