
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा को लेकर अहम बैठक, तस्करी और क्रॉस बॉर्डर क्राइम पर संयुक्त कार्रवाई पर जोर
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी प्रखण्ड
सीतामढ़ी। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सीमा पार होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर नेपाल के महोत्तरी जिले के जलेश्वर नगरपालिका सभागार में इंडो-नेपाल बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेशन कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महोत्तरी के चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर इंद्रदेव यादव ने की।
बैठक में सीतामढ़ी के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, सर्लाही एवं रौतहट के सीडीओ, तीनों जिलों के पुलिस अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा एसएसबी की 51वीं और 20वीं वाहिनी के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, सीमा सुरक्षा को प्रभावी बनाने और दोनों देशों की सुरक्षा एवं प्रशासनिक एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
जाली नोट, हथियार और ड्रग्स तस्करी पर चर्चा
अधिकारियों ने जाली नोटों के कारोबार, अवैध हथियारों की तस्करी, ड्रग्स एवं नारकोटिक्स, शराब, तंबाकू तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की सीमा पार तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उपायों पर चर्चा की। क्रॉस बॉर्डर क्राइम पर नियंत्रण के लिए दोनों देशों की एजेंसियों के बीच समन्वित कार्रवाई और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।
बैठक में मोस्ट वांटेड अपराधियों की धरपकड़, संदिग्ध व्यक्तियों और विदेशी नागरिकों की अवैध आवाजाही पर रोक तथा सीमा क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने पर सहमति बनी।
मानव तस्करी और नो-मैन्स लैंड के मुद्दे पर भी मंथन
बैठक में मानव तस्करी और ड्रग ट्रैफिकिंग की रोकथाम के साथ-साथ सीमा क्षेत्र में अतिक्रमण, बॉर्डर पिलर्स की सुरक्षा और नो-मैन्स लैंड में अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की गई। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा से जुड़े स्थानीय एवं सामान्य समस्याओं के समाधान के लिए लगातार समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई।
अधिकारियों ने सीमावर्ती थानों और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने तथा छोटी से छोटी घटना को भी गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग और विश्वास को और मजबूत करने की बात कही गई।
अधिकारी रहे मौजूद बैठक में महोत्तरी के चीफ डिस्ट्रिक्ट ऑफिसर इंद्रदेव यादव, सर्लाही के सीडीओ विजयाराज सुबेदी, रौतहट के सीडीओ दिनेश सागर भुसाल, तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के एडीएम संजीव कुमार, एडीएम आपदा प्रबंधन बृजकिशोर पांडेय, बीरगंज स्थित काउंसुलेट के कंसुल (ICS) मनीष कुमार दास, 51वीं बटालियन एसएसबी के कमांडेंट संजीव कुमार सिंह, 20वीं बटालियन एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट विकास दीप, पुपरी एसडीओ गौरव कुमार, एसडीपीओ सुनीता कुमारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


