
रसोइया बहनों को रक्षाबंधन से पहले बड़ा तोहफा, मानदेय बढ़कर ₹3000 और ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को बड़ी सौगात दी है। अब रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और कार्य के दौरान दुर्घटना होने पर ₹2 लाख की सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा।
इस संबंध में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में रसोइयों का सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया और जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा बढ़े हुए मानदेय की राशि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया।
सरकार की ओर से रसोइयों की ड्रेस के लिए दी जाने वाली राशि में भी ₹500 की बढ़ोतरी की गई है। अब ड्रेस के लिए ₹1,000 की धनराशि मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के लखनऊ से प्रसारित लाइव कार्यक्रम का भी प्रसारण किया गया। विधायक ने रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए बच्चों को समय से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और भोजन बनाते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि रसोइया बहनें शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कैशलेस चिकित्सा कार्ड से उन्हें और उनके परिवार को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में रसोइया बहनें मौजूद रहीं।


