
प्रयागराज में जलभराव पर CM योगी सख्त, नगर आयुक्त से पूछा- जलनिकासी की व्यवस्थाएं कहां गईं?
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान प्रयागराज लखनऊ
प्रयागराज। शहर में जलभराव की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताई। शनिवार देर शाम वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बाढ़ और जलभराव की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा से सीधे सवाल किया कि शहर में जलभराव कैसे हो गया और जलनिकासी की व्यवस्थाएं कहां चली गईं?
मुख्यमंत्री ने जलभराव को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट के संज्ञान लेने पर भी सवाल उठाया और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि जब जलभराव की आशंका थी तो पहले से जलनिकासी की उचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
फुटपाथ पर दुकानें लगाने पर भी फटकार
मुख्यमंत्री ने महाकुंभ के दौरान चौड़ी की गई सड़कों और बनाए गए फुटपाथों पर दुकानें आवंटित किए जाने को लेकर भी नगर आयुक्त से जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि किसके निर्देश पर फुटपाथ को बाजार बना दिया गया?
सीएम योगी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में जलभराव की समस्या दोबारा पैदा नहीं होनी चाहिए। प्रयागराज के कई इलाकों में पिछले दिनों लंबे समय तक जलभराव रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। कई घरों में पानी भरने के साथ वाहनों और बिजली व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा था।


