
गोवा के कोलवाले में मोबाइल टावर का विरोध, ग्रामीणों ने कहा- गांव में अब और टावर नहीं
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मापुसा गोवा
मापुसा। गोवा के कोलवाले गांव में प्रस्तावित मोबाइल टावर को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। शनिवार को श्री जरी मारी देवस्थान हॉल में हुई विशेष बैठक में ग्रामीणों ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में लगाए जा रहे मोबाइल टावर का विरोध दोहराते हुए गांव में भविष्य में किसी भी अतिरिक्त मोबाइल टावर की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया।
बैठक में कोलवाले सरपंच रितेश वरखंडकर, पंच शीतल चोडणकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सरपंच ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित टावर को लेकर पंचायत और ग्रामीणों को अंधेरे में रखा गया। उनके मुताबिक, कंपनी या सरकार की ओर से पंचायत को पहले कोई सूचना नहीं दी गई और न ही पंचायत से अनुमति मांगी गई।
इससे पहले गुरुवार को ग्रामीणों और सरपंच ने गांव के खेल मैदान के पास प्रस्तावित टावर के लिए खुदाई का काम कर रही जेसीबी को रोक दिया था। विरोध के बाद प्रशासन को मौके पर पहुंचकर काम रुकवाना पड़ा था।
बैठक में ग्रामीणों ने मांग की कि यदि मोबाइल टावर जरूरी है तो उसे कोलवाले गांव की आबादी से बाहर किसी अन्य स्थान पर लगाया जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परिसर में टावर का निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक एवं मत्स्य पालन मंत्री नीलकंठ हलर्णकर से मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और आईटी मंत्री के समक्ष मामला उठाकर टावर की प्रस्तावित स्थापना रद्द कराने की मांग की।
वहीं, गुरुवार को मौके पर पहुंचे सरकारी अधिकारियों का कहना था कि संबंधित कंपनी ने टावर लगाने के लिए आवश्यक अनुमति प्राप्त की है और प्रस्तावित स्थल सरकारी भूमि पर है। अधिकारियों के अनुसार परियोजना निर्धारित स्वीकृति प्रक्रिया से गुजर चुकी है।



