
संजीवनी करंडक वीर शिवराज मंडल ट्रस्ट ने जीता
संजीवनी मित्र मंडल की सार्वजनिक गणेशोत्सव झांकी प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे: संजीवनी मित्र मंडल की ओर से आयोजित ‘संजीवनी करंडक सार्वजनिक गणेशोत्सव झांकी प्रतियोगिता 2025’ का पुरस्कार वितरण समारोह शिवदर्शन स्थित स्व. राजीव गांधी ई-लर्निंग सभागृह में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का प्रतिष्ठित ‘संजीवनी करंडक’ वीर शिवराज मंडल ट्रस्ट ने अपने नाम किया।
कार्यक्रम में संजीवनी मित्र मंडल के अध्यक्ष संजय विद्वांस, कसबा गणपति मंडल के अध्यक्ष श्रीकांत शेटे, वरिष्ठ मूर्तिकार विवेक खटावकर, सेवा मित्र मंडल के अध्यक्ष शिरीष मोहिते, आदर्श मंडल के अध्यक्ष उदय जगताप, साईनाथ मंडल ट्रस्ट के अध्यक्ष पीयूष शाह, दर्शन मित्र मंडल के अध्यक्ष गणेश घोष, नगरसेवक महेश वाबळे, शिव व्याख्याता सौरभ करडे, राजेंद्र भिडे सहित विभिन्न गणेश मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की प्रस्तावना में संजीवनी मित्र मंडल के अध्यक्ष संजय विद्वांस ने मंडल की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक उपक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक गणेशोत्सव की झांकियों के माध्यम से कलात्मकता, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के पूर्वार्ध में नटरंग संस्था के कलाकारों ने ‘त्रिपुंड’ कार्यक्रम के तहत प्रभावी भरतनाट्यम प्रस्तुति दी। कलाकारों के शानदार प्रदर्शन को उपस्थित दर्शकों ने उत्स्फूर्त सराहना दी।
इस अवसर पर श्रीकांत शेटे ने संजीवनी मित्र मंडल के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक गणेशोत्सव के माध्यम से समाज जागरूकता के साथ कला और संस्कृति को बढ़ावा देने का कार्य मंडल लगातार कर रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी गणेश मंडलों एवं विजेताओं को बधाई दी।
प्रतियोगिता के विजेता मंडलों को कुल डेढ़ लाख रुपये की पुरस्कार राशि, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विशेष पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक – गणेश लोणारे, सर्वश्रेष्ठ पटकथा लेखन – पीयूष शाह और सर्वश्रेष्ठ कला निर्देशक – क्षितिज रंधीर को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न गणेश मंडलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और कला प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से पूरे कार्यक्रम में जोश और उल्लास का माहौल बना रहा।
गणेशोत्सव की झांकियों के माध्यम से सामाजिक संदेश, कलात्मक अभिव्यक्ति और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी के कलाकारों को प्रोत्साहित करने का संजीवनी मित्र मंडल का यह प्रयास उल्लेखनीय रहा।



