
इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का मनाया गया 9वां स्थापना दिवस
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . प्रधान डाकघर रीवा स्थित इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का 9वां स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रीवा डाक संभाग के डाक अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन तक बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने तथा डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में इण्डिया पोस्ट पेमेंटस बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं के बारे में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को जानकारी दी गई। आईपीपीबी के माध्यम से ग्राहकों को घर बैठे बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ डिजिटल भुगतान धन अंतरण बिल भुगतान आधार आधारित बैंकिंग सहित विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है।
समारोह में डाक अधीक्षक ने कहा कि इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की विशेषता यह है कि डाक विभाग के विस्तृत नेटवर्क एवं डाक कर्मचारियों की पहुंच के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है। इससे विशेष रूप से उन लोगो को लाभ मिल रहा है जिन्हें पारंपरिक बैंकिंग सेवाओं तक पहुंचने में कठिनाई होती है। कार्यक्रम में मैनेजर आईपीपीबी रीवा शाखा मनीष तिवारी ने कहा कि इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक वित्तीय समावेशन को मजबूत करने और प्रत्येक नागरिक तक सरल सुरक्षित एवं सुलभ बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। डाक विभाग और आईपीपीबी मिलकर देश के प्रत्येक वर्ग को बैंकिंग व्यवस्था से जोडने के लिए निरंतर कार्य कर रहें हैं। श्री तिवारी ने बताया कि रीवा शाखा अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि कुल 30531 खाते, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के 91140 खाते, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के 58595 खाते, पहल एलपीजी सब्सिडी के 32230 खाते मनरेगा के 11725 खाते, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 6262 से ज्यादा खाते आमजन के आईपीपीबी शाखा रीवा द्वारा खोला जा चुका है। स्थापना दिवस के अवसर पर आईपीपीबी की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा डिजिटल एवं सुरक्षित बैकिंग को अपनाने के लिए आमजन को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में आर.पी. शर्मा सहायक अधीक्षक डाकघर, अंकिता यादव शिकायत निरीक्षक, रजनीश कुमार तिवारी, समीर खान, अल्का तिवारी, चित्रकांत कनौजी, सरदार सिंह, ज्ञानेश्वर कुशवाहा सहित डाक विभाग एवं आईपीपीबी शाखा के कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

