
जनसुनवाई में 38 आवेदनों पर हुई सुनवाई
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आवेदनों पर की गई कार्यवाही से संबंधित आवेदक को भी अवगत कराया जाए तथा जिन प्रकरणों में समय लगना है, उनमें स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर कार्यवाही की जाए।
जनसुनवाई में पूजा मिश्रा, निवासी अमिलिया द्वारा भूमि के विक्रय पत्र में दर्ज चौहद्दी में त्रुटि होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार रमाशंकर विश्वकर्मा, ग्राम पंचायत पटेहरा द्वारा दिव्यांगजन के लिए निःशुल्क आवश्यक सहायता/उपकरण उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया। जनसुनवाई में जग्य लाल केवट निवासी वार्ड क्रमांक 02 ने आवेदन किया है कि घर के पास अवैध रूप से संचालित शराब बिक्री पर रोक लगाई जाए। जनसुनवाई में गेंदलाल प्रजापति एवं प्रजापति बस्ती के निवासियों द्वारा ग्राम पंचायत जुड़मनिया रघुनाथ से तेदुआ मार्ग पर सड़क किनारे नाली निर्माण कराए जाने संबंधी आवेदन दिया गया।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिक रूप से दर्ज न किया जाए, बल्कि मौके पर आवश्यक जांच, संबंधित पक्षों से समन्वय तथा नियमानुसार निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदक को उपलब्ध कराई जाए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पी.के. पाण्डेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

