भंडारित आलू पर किसानों को मिलेगा 100 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । आलू के गिरते भाव और बढ़ती लागत से किसानों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने आलू राहत योजना लागू की है। योजना के तहत कोल्ड स्टोरेज में भंडारित आलू के भंडारण शुल्क पर किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल अनुदान दिया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि एक किसान अधिकतम 200 क्विंटल (400 पैकेट) आलू पर योजना का लाभ ले सकता है। इस तरह किसान को भंडारण शुल्क में अधिकतम 20 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। अनुदान की राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी। पंजीकरण के दौरान किसानों को आमद रसीद, गेटपास, बिक्री संबंधी दस्तावेज, भुगतान रसीद, बैग (बोरी) की सत्यापन रिपोर्ट, आधार कार्ड और खसरा-खतौनी समेत आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे।
जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द ऑनलाइन पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठाएं।



