परीक्षा देने गई युवती लापता, पुलिस की तलाश जारी
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । कोतवाली औरैया क्षेत्र के ग्राम उद्यमपुर (पोस्ट बरखरिया) निवासी राकेश बाबू की 19 वर्षीय पुत्री निकेता के लापता होने के मामले में पुलिस लगातार तलाश में जुटी है। युवती 23 जनवरी 2025 को सुबह करीब आठ बजे गुलाब सिंह महाविद्यालय में परीक्षा देने गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद घर वापस नहीं लौटी।
परिजनों की शिकायत पर कोतवाली औरैया में मु0अ0सं0 64/2025 के तहत धारा 87 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू करते हुए कॉलेज और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ परिजनों व रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए हैं।
पुलिस के अनुसार युवती की तलाश में इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीडीआर विश्लेषण और मोबाइल लोकेशन ट्रेसिंग की मदद ली जा रही है। साथ ही संभावित स्थानों पर दबिश और मुखबिर तंत्र के माध्यम से सुरागरसी की जा रही है। हालांकि अभी तक युवती के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि युवती के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल कोतवाली औरैया पुलिस या कंट्रोल रूम को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



