रबी सीजन के लिए अनुदानित बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । किसानों की आय बढ़ाने और रबी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने रबी सीजन 2026 के लिए अनुदानित बीज एवं निःशुल्क बीज मिनीकिट की ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी पात्रता के अनुसार बीज मिनीकिट एवं अनुदानित बीज के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
विभाग के अनुसार तोरिया, गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों और शंकर सरसों की उन्नत किस्मों के सामान्य एवं निःशुल्क मिनीकिट बीज उपलब्ध हैं। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। निःशुल्क मिनीकिट का वितरण पॉस मशीन के माध्यम से किसान के स्वयं अंगूठा सत्यापन के बाद किया जाएगा। सामान्य बीज के लिए निर्धारित मूल्य का 50 प्रतिशत किसान अंश जमा करना होगा, जबकि शंकर बीज पर 50 प्रतिशत मूल्य या निर्धारित अनुदान देय होगा।
ऐसे करें बुकिंग: किसान “कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल” (https://reference-url-citation.invalid/0) पर जाकर किसान पंजीकरण अथवा बीज मिनीकिट/अनुदानित बीज बुकिंग विकल्प चुनें। पंजीकरण संख्या दर्ज कर ओटीपी सत्यापन के बाद इच्छित फसल का चयन कर आवेदन सबमिट करें।
लक्ष्य से अधिक बुकिंग होने पर जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ई-लाटरी से चयन किया जाएगा। लक्ष्य से कम बुकिंग होने पर बुकिंग स्वतः कन्फर्म हो जाएगी। तकनीकी सहायता के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय, औरैया या संबंधित विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) एवं राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर सकते हैं।



