उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के शिल्पकार: मुख्यमंत्री योगी

शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के शिल्पकार: मुख्यमंत्री योगी

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया,। शिक्षक दिवस के अवसर पर गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिलाधिकारी बृजेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य समेत अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने देखा।

 

राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्कृष्ट योगदान देने वाले बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के 81 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 और मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य को गढ़ने वाले शिल्पकार हैं। विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और नवाचार की भावना विकसित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज की महत्वपूर्ण धुरी हैं। उन्होंने शिक्षकों से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता, स्वच्छता और अनुशासन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में कायाकल्प योजना में उत्कृष्ट कार्य तथा स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा एवं सामाजिक चेतना प्रदान करने वाले परिषदीय विद्यालय के 10 और माध्यमिक विद्यालय के पांच शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र व शाल देकर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। जिले के विभिन्न विकासखंडों में भी शिक्षक दिवस समारोह आयोजित कर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button