
सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने तहसील बिधूना में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले प्रत्येक शिकायती प्रार्थना पत्र पर विभागीय अधिकारी स्वयं संज्ञान लें और आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्षता के साथ दोनों पक्षों को संतुष्ट करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए शिकायतों का प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम पंचायत बराहार, विकास खण्ड बिधूना के ग्राम प्रधान राम कुमार ने प्राथमिक विद्यालय बराहार में शिक्षा समिति के अध्यक्ष को बिना सहमति हटाकर नए अध्यक्ष का चयन करने तथा भोजनमाता के चयन एवं हटाने में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर मनमाने ढंग से कार्य करने की शिकायत करते हुए जांच की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर पूरे प्रकरण की जांच करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
प्रार्थी अवधेश कुमार, निवासी ग्राम पूर्वावर, तहसील बिधूना ने गाटा संख्या 2054 पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए बताया कि विपक्षीगणों द्वारा भूमि पर कब्जा कर लिया गया है तथा सरकारी हैंडपंप पर भी अतिक्रमण किया गया है। शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बिधूना को मौके पर जांच कर भूमि को कब्जामुक्त कराने एवं आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रार्थी सुरेन्द्र कुमार, निवासी पूर्वानया, तहसील बिधूना ने मौजा पूर्वा तमई स्थित गाटा संख्या 447 एवं 448 से संबंधित मेड़बंदी में अनियमितता का आरोप लगाते हुए बताया कि बिना सही नक्शे के मेड़बंदी किए जाने से उनकी लगभग दो बीघा भूमि कम हो गई है। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बिधूना को राजस्व टीम गठित कर पैमाइश कराने तथा स्थलीय जांच के उपरांत आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 132 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिधूना कमल कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी सी.पी. सिंह, तहसीलदार बिधूना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।



