
समाधान दिवस में 22 शिकायतें आईं, दो का मौके पर निस्तारण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । तहसील सैफई में शनिवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 22 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुना जाए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित मामलों के निस्तारण में देरी का कारण भी दर्ज किया जाए और सभी प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण हो, ताकि शिकायतकर्ताओं से लिए जाने वाले फीडबैक में किसी प्रकार की कमी न मिले।
इस अवसर पर आईएएस कोमल पुनिया, उप जिलाधिकारी सैफई, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



