
राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – कमिश्नर
कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने किया मऊगंज तहसील का निरीक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने मऊगंज तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने तहसील भवन के विभिन्न कक्षों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं तथा परिसर का भ्रमण किया और अधिकारियों को आमजन से जुड़े राजस्व प्रकरणों के निराकरण में पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि राजस्व विभाग सीधे तौर पर आमजन से जुड़ा विभाग है। राजस्व अधिकारियों की कार्यप्रणाली का सीधा प्रभाव नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं और शासन की सेवाओं तक उनकी पहुंच पर पड़ता है। इसलिए अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करते हुए जन अपेक्षाओं पर खरा उतरना सुनिश्चित करें।
कमिश्नर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए एक से दो वर्ष तथा दो से पांच वर्ष से अधिक अवधि से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांतरण एवं बंटवारे के प्रकरण तीन माह से अधिक लंबित नहीं रहने चाहिए। साथ ही अभिलेख दुरुस्ती के एक से दो वर्ष तथा दो से पांच वर्ष पुराने लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश एसडीएम को दिए।
कमिश्नर ने कहा कि राजस्व विभाग के कार्यों में समयबद्धता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनके प्रकरणों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हो, यह प्रत्येक राजस्व अधिकारी की जिम्मेदारी है। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन में पीएम किसान से संबंधित लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। फोर्स क्लोज की जाने वाली शिकायतों में तथ्यात्मक, स्पष्ट एवं उचित जवाब दर्ज कर जिला कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने भ्रमण के उपरांत आमजनों की समस्या सुनी तथा अधिकारियों को समुचित निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने पीएम किसान ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्य की प्रगति की जानकारी दी । उन्होंने कहा कि इन कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है तथा प्रत्येक बैठक में कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। कलेक्टर ने तहसीलदारों को निर्देशित किया कि पीएम किसान ई-केवाईसी एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाते हुए पात्र किसानों से संबंधित कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने कार्य की सतत निगरानी एवं प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मऊगंज श्रीमती रश्मि चतुर्वेदी, तहसीलदार वीके पटेल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।