
कलेक्ट्रेट का कमिश्नर रीवा संभाग ने किया निरीक्षण
कलेक्टर ने अभिलेखागार सहित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली से कराया अवगत
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट मऊगंज का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों एवं अभिलेखों के संधारण की जानकारी ली। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कमिश्नर को कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराते हुए कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों के संधारण तथा विभागीय कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। कमिश्नर ने राजस्व विभाग सहित कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण, प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें। कमिश्नर ने कार्यालय में लंबित प्रकरणों के निराकरण, अभिलेखों के रख-रखाव तथा आमजन को शासन की सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर पीके पांडेय, कलेक्ट्रेट अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

