पूणेप्रशासनमहाराष्ट्र

गणेशोत्सव में ज्यादा किराया वसूलने वाली निजी बसों पर होगी कार्रवाई

गणेशोत्सव में ज्यादा किराया वसूलने वाली निजी बसों पर होगी कार्रवाई

 

पुणे आरटीओ ने 11 से 26 सितंबर तक शुरू की विशेष जांच मुहिम

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान पुणे महाराष्ट्र 

पुणे, । गणेशोत्सव के दौरान यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूलने वाली निजी यात्री बसों के खिलाफ पुणे प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने विशेष जांच मुहिम शुरू की है। निजी ट्रैवल्स और बस संचालकों द्वारा यात्रियों से ज्यादा किराया वसूलने की शिकायतों के बाद 11 से 26 सितंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

 

आरटीओ के अनुसार, निजी अनुबंधित यात्री वाहनों द्वारा संबंधित श्रेणी की बस के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) के मौजूदा किराया दर को आधार माना जाएगा। निजी बस संचालक संबंधित श्रेणी के एसटी किराए से 50 प्रतिशत से अधिक अतिरिक्त किराया नहीं वसूल सकते। इसके अलावा एसटी के यात्री टिकट दर के डेढ़ गुने से अधिक किराया भी नहीं लिया जा सकता।

 

प्रादेशिक परिवहन अधिकारी अर्चना गायकवाड ने निजी बस मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें और निर्धारित नियमों का पालन करें। जांच के दौरान अधिक किराया वसूलने का मामला सामने आने पर संबंधित चालक और बस मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

ज्यादा किराया लिया जाए तो यहां करें शिकायत

 

यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने या यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर यात्री अपना नाम, मोबाइल नंबर और टिकट का फोटो उपलब्ध कराकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

 

शिकायत के लिए संपर्क नंबर: 8275330101

ई-मेल: mh12prosecution.rtopune@gmail.com

 

आरटीओ ने गणेशोत्सव के दौरान निजी बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों से टिकट संभालकर रखने और निर्धारित किराए से अधिक राशि लिए जाने पर तत्काल शिकायत करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button